रिपोर्ट: सत्यम दुबे
फिरोजाबाद: यूपी के फिरोजाबाद जिले में वायरल बुखार और डेंगू से तहलका मच गया है। जिले में 46 बच्चों ने इसकी चपेट में आकर दम तोड़ दिया। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए दुख जताया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को भी अस्पताल में भर्ती बीमार बच्चों को चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
सीएम योगी सोमवार को फिरोजाबाद पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। रविवार को सीएम योगी के दौरे का कार्यक्रम जिला प्रशासन को मिला है, जिसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन सीएम योगी के आगमन की तैयारियों में जुट गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीएम योगी का हेलीकॉप्टर दोपहर एक बजकर दस मिनट पर पुलिस लाइन में बनाये गये हैलीपेड पर उतरेगा। इसके बाद सीएम योगी 13:20 बजे स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचेगे और वहां का जायजा लेंगे। 13:20 बजे से 13:35 बजे तक वे अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलेंगे व उनका हलचल जानेंगे।
इसके बाद एक बजकर 45 मिनट पर सुदामा नगर पहुंचकर मौहल्ले की समस्या की भी जानकारी लेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर वापस पुलिस लाइन पहुंचेगे। दो बजकर 10 मिनट पर पुलिस लाइन हैलीपेड से मथुरा के लिये रवाना होंगे।
वहीं नगर विधायक मनीष असीजा ने बताया कि सीएम योगी ने सोमवार दोपहर फिरोजाबाद आने की बात कही है। इस संबंध में डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 30 अगस्त को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला, नगर निगम प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग ने भी पूरी तैयारियां कर ली हैं।
विधायक मनीष असीजा ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सोमवार को जिले में आकर भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मिलेंगे। इससे पूर्व नगर विधायक से प्रदेश के नगर विकास मंत्री गोपाल टंडन ने बुखार से विभिन्न क्षेत्रों में 46 मौत की जानकारी ली और दुख जाहिर किया था।