सीएम योगी आदित्यनाथ, चीफ ऑफ डिफेंस जनरल बिपिन रावत ने गोरखपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने गोरखपुर में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के असेंबली स्टेज का उद्घाटन किया। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आए जनरल बिपिन रावत ने कहा कि पिछले कई सौ साल हमारे देश पर विदेशियों का कब्जा रहा, इसलिए हमारी असली संस्कृति की विचारधारा में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपनी पहचान को दोबारा लौटाएं, अपनी संस्कृति पर जोर दें।
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक सप्ताह समारोह – 2020 का शुभारंभ दिवस… https://t.co/gSoZta1fJo
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 4, 2020
जनरल बिपिन रावत ने कहा कि देश किस तरह से उन्नति करेगा यह देश के विद्यार्थी की कार्यशैली पर निर्भर करता है। जनरल रावत ने स्वामी विवेकानंद की उस बात का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर आपकी रोज की दिनचर्या में आपको किसी भी मुश्किल हालात का सामना नहीं करना पड़ा और कोई मुसीबत नहीं पड़ रही है तो समझो कि आप गलत रास्ते पर चल रहे हैं। ऐसे इसलिए क्योंकि आगे बढ़ने की कोशिश में आगे मुश्किल हालात आएंगे और आपको इन सब से आगे बढ़ना होगा। इसीलिए जरूरी है कि आप अपनी ताकत का पहचान करें।
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें याद रखना होगा कि कोई व्यक्ति बड़ा आदमी एक दिन में नहीं बनता, इसके लिए उन्हें निरंतर कोशिश करनी होती है। खुद को सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर करना होता है। सीएम ने कहा कि नकारात्मक व्यक्ति जीवन के उच्च शिखर पर कभी भी नहीं पहुंच सकता।