मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ निवेश साझेदारी मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अगस्त को अहमदाबाद में मेगा निवेश रोड शो करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से संवाद कर उन्हें मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अनुकूल औद्योगिक नीतियों, आधुनिक अधोसंरचना और निवेशक सुविधाओं की जानकारी देंगे। साथ ही आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए गुजरात के उद्योग जगत को आमंत्रित करेंगे।
मुख्यमंत्री की अहमदाबाद के प्रमुख उद्योग समूहों से महत्वपूर्ण मुलाकातें
अहमदाबाद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री गुजरात के प्रमुख औद्योगिक समूहों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इनमें अरविंद लिमिटेड, टोरेंट पावर और अडानी ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा प्रस्तावित है। इसके अलावा हरी कृष्णा एक्सपोर्ट के चेयरमैन ढोलकिया, चिरिपाल समूह के चेयरमैन बृजमोहन चिरिपाल और अग्रवाल ग्रुप के चेयरमैन चिमन भाई शाह के साथ भी व्यक्तिगत बैठकें होंगी। इन बैठकों में वस्त्र, ऊर्जा, अधोसंरचना, विनिर्माण और औद्योगिक विस्तार के क्षेत्रों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
औद्योगिक क्षमता, आधुनिक अधोसंरचना और टेक इको सिस्टम की होगी प्रस्तुति
ताज स्काईलाइन होटल अहमदाबाद में आयोजित मुख्य निवेशक संवाद सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं की प्रस्तुति दी जाएगी। सीआईआई गुजरात स्टेट काउंसिल के चेयरमैन अचल बाकेरी स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश के निवेश अवसरों पर ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति होगी।
अपर मुख्य सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन नीरज मंडलोई प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य, मजबूत अधोसंरचना और निवेशक-अनुकूल नीतियों की जानकारी देंगे। वहीं प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम. सेल्वेन्द्रन मध्यप्रदेश के टेक इकोसिस्टम, नवाचार, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, स्टार्टअप और हाई-टेक निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे।
अहमदाबाद का यह निवेश संवाद गुजरात और मध्यप्रदेश के उद्योग जगत के बीच नए निवेश सहयोग का सेतु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मध्यप्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक भूमि, बेहतर कनेक्टिविटी, ऊर्जा और कुशल मानव संसाधन गुजरात के निवेशकों के लिए नए अवसर प्रस्तुत करते हैं।