भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक संस्थान में तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व-2025 का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेद के महत्व और इसकी क्षमताओं को लेकर अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए। सीएम ने कहा, “लोग कहते हैं कि आयुर्वेद की दवाई देर से असर करती है, लेकिन मुझ पर इसका तेजी से असर हुआ। मैं शिक्षा मंत्री से मुख्यमंत्री बन गया।”
आयुर्वेद के प्रति लोगों का बढ़ा रुझान
मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड काल के दौरान हमारे काढ़े को एलोपैथिक डॉक्टरों ने भी मांगकर पिया। आयुर्वेद का कोई विकल्प नहीं है। यह प्राचीन चिकित्सा पद्धति हमारे जीवन के हर पहलू से जुड़ी है और आज पूरी दुनिया इसकी ओर आकर्षित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयुर्वेद के “ब्रांड एंबेसडर” के रूप में इसे वैश्विक स्तर पर प्रमोट कर रहे हैं।
प्रदेश में 11 नए आयुर्वेद कॉलेज
सीएम मोहन यादव ने घोषणा की कि प्रदेश में 11 नए आयुर्वेद कॉलेज खोले जा रहे हैं। इससे राज्य में कुल मेडिकल कॉलेजों की संख्या 67 हो जाएगी। उन्होंने कहा, “हम आयुर्वेद को आधुनिक शिक्षा नीति के साथ जोड़ रहे हैं। उज्जैन में आयुर्वेदिक संस्थानों के लिए भूमि आवंटित की जाएगी।”
2028 कुंभ में आयुर्वेद पर्व का आयोजन
सीएम ने यह भी घोषणा की कि 2028 में आयोजित होने वाले महाकुंभ के दौरान आयुर्वेद पर्व को एक विशेष आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह आयोजन आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
विशेष प्रदर्शनी और शोध कार्य
आयुर्वेद पर्व के तहत आयुर्वेदिक औषधियों, जड़ी-बूटियों, और उत्पादों की प्रदर्शनी, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, और राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। 190 से अधिक पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट्स अपने शोध पत्र और व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में अयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा, “आयुर्वेद को समझने के लिए भारत की संस्कृति और परंपरा को समझना जरूरी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में आयुर्वेद रिसर्च पर जोर दिया गया है, और हम इस दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, विधायक भगवानदास सबनानी, और पद्मश्री व पद्मभूषण से सम्मानित वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल जैसी बीमारियों पर हो रहे शोध कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।