मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 23 जून से 6 जुलाई तक आयोजित होने वाले विशेष पखवाड़े को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। इस बैठक में नगरीय निकायों के महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य डॉ. मुखर्जी जी के राष्ट्रनिष्ठ विचारों, एकात्मता के संदेश और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।
डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का नारा देकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। उनके विचार आज भी देश की नीतियों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसे सामाजिक समानता और एकरूपता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।