मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 14 फरवरी को खंडवा और बुरहानपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री खंडवा जिले के पंधाना से 1836 करोड़ रुपये की राशि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं के खातों में अंतरित करेंगे। अब तक इस योजना के तहत महिलाओं को कुल 52,304 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।
खंडवा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 255 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 354 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 11 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। विशेष रूप से मुख्यमंत्री 252 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली खंडवा नगर निगम की सीवरेज परियोजना का भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही 2.90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पंधाना बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और रैन बसेरा निर्माण कार्य की भी शुरुआत की जाएगी।
खंडवा के बाद मुख्यमंत्री बुरहानपुर जिले में भी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे। बुरहानपुर जिले को कुल 696 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लाभ मिलेगा। नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव 334 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 32 विकास कार्यों का लोकार्पण और 362 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से जुड़े 48 नवीन कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं में अधोसंरचना, जनसुविधा, कृषि और अन्य विभागों से संबंधित कार्य शामिल हैं, जो बुरहानपुर जिले के समग्र विकास को गति देंगे।
कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भव्य रोड-शो में भी शामिल होंगे। यह रोड-शो शिकारपुरा थाना क्षेत्र के जीजामाता चौराहा से शुरू होकर नेहरू स्टेडियम तक जाएगा, जहां जिलेवासी मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन करेंगे।