उज्जैन: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में आयोजित ‘सांदीपनि अलंकरण समारोह-2026’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी ₹552.38 करोड़ लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने ₹78.75 करोड़ की लागत से महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर निर्माण, ₹12.70 करोड़ की लागत से माधव विज्ञान महाविद्यालय परिसर एवं तीन पुस्तकालय भवनों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके अलावा ₹453.40 करोड़ की लागत से श्री कालभैरव मंदिर, श्री मंगलनाथ मंदिर और महर्षि सांदीपनि आश्रम के विकास एवं विस्तार परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹7.53 करोड़ की लागत से निर्मित माधव विज्ञान महाविद्यालय के नवीन प्रयोगशाला भवन एवं बैरियर-फ्री सुविधाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के आधुनिकीकरण और धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नव नियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। साथ ही शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देते हुए एआई आधारित ‘स्विफ्ट पाल (Swift PAL)’ परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित यह पहल विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि सांदीपनि की तपोभूमि उज्जैन भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक विकास के साथ जोड़ते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।