सागरः सीएम डॉ. मोहन यादव ने नरयावली मे सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया और कई विकास कार्यों की सौगात दी है। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंबल के साथ छत्रसाल महाराज का यह बुंदेलखंड का ये इलाका हर समय संघर्ष के लिए जाना जाता है।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज के इस अवसर पर जब हमको एक दिव्य भवन सांदीपनी विद्यालय के रूप में मिल रहा है तो यह विद्यालय नहीं है बल्कि पांच हजार साल पहले भगवान कृष्ण और सुदामा की दोस्ती का सबसे बड़ा स्मृति स्थल है। भगवान कृष्ण के जीवन की बहुत सारी लीलाएं हर घटना ने हमे उनके प्रति श्रद्धा को बढ़ाया। उनके काल में धर्म की स्थापना के लिए भगवान गोपाल कृष्ण ने कदम-कदम पर संघर्ष किया लेकिन गरीब और अमीर की दोस्ती का उदाहण भी अगर सबसे बड़ा कोई है तो भगवान कृष्ण और सुदामा की दोस्ती का है। वाकई कृष्ण कन्हैया हमारे जीवन का आदर्श हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी लाडली बहनों को डेढ हजार रुपए महीना सरकार की तरफ से मिल रहा है। हमारी सरकार ने देशभर में माताओं बहनों का सम्मान बढ़ाते हुए इस भाव को रखा है कि हमारे तो देवी देवताओं में भी माता का नाम लो तो भगवान प्रशन्न होते हैं और आशीर्वाद देते हैं। जब तक राधा जी नहीं बोलो तब तक कृष्ण कन्हैंया मुस्कराते नहीं हैं। जब तक सीता माता को याद न करो तब तक भगवान श्रीराम का आशीर्वाद नहीं मिलता तो वहीं पार्वती माता के साथ भोलेनाथ का नाम लिया जाता है। यह अहसास कराता है हमारी माता बहनों को आदर के साथ देखने की संस्कृति है।

डॉ. यादव ने कहा कि हमने पांच हजार साल पहले द्रोपदी के चीर हरण की घटना सुनी थी। तीन दिन पहले वही घटनाक्रम संसद में देखने को मिली। फर्क सिर्फ इतना था कि वहां कौरव थे तो यहां कांग्रेसी हैं। दोनों में कोई अंतर नहीं है। बहनों को उनका अधिकार देने के लिए मोदी जी ने सबको साथ लेकर चलने की बात की थी लेकिन जितने भी प्रयास करने थे सब कर लिए ये वही कौरवों की तरह कांग्रेस के लोगों का मन था। बहनों के बारे में उनको जरा दया नहीं आई। 2029 में उनका अधिकार देने का मामला था लेकिन कांग्रेसियों ने किंतु परंतु कुछ भी करते रहे। आपने तो कभी बहनों का मान सम्मान नहीं दिया लेकिन हम मान सम्मान देने को तैयार हैं। लेकिन ये कांग्रेसी उसी लाइन पर चले जो वर्षों से चले आ रहे थे। तीन तलाक के मामले में भी राजीव गांधी ने हमारे बहनों के भरण पोषण के भत्ते का विरोध करते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी ठुकराया था और उसी लाइन पर कांग्रेस और उनके नेता चलते गए।
उन्होंने कहा कि आज के इस अवसर पर हमारी सरकार की विशेषता बताते हैं। हमारे संगठन में बहनों को 30 प्रतिशत आरक्षण है और हमारी सरकार में 17 बहने कलेक्टर हैं और आपने तो यहां की सांसद भी लता बानखेड़े को बनाया है। सागर जिले की कलेक्टर, महापौर बहनें ही हैं। संभाग के आईजी, संभाग आयुक्त, डीआईजी, जिला पंचायत, जनपद पंचायत सारे प्रमुख पदों पर माता बहनों को बिठाकर हमने अपनी भावना का प्रकटीकरण किया। उन्होंने कहा कि माता बहने अपना सम्मान बचाए रखने के लिए अपना अपमान कभी नहीं भूलेंगी। मुख्यमंत्री ने माता बहनों से कहा कि जिस दिन मौका पड़ेगा उस दिन कांग्रेस से जरूर हिसाब लेना। कोई बात नहीं उस समय हमारा बहुमत नहीं था लेकिन मन का संकल्प पूरा है। आज नहीं तो कल बहनों को 33 फीसदी आरक्षण दिलाकर रहेंगे।
माताओं बहनों के समान हमने पूरा वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। गरीब, महिला, किसान और युवा इन चारों श्रेणियों को माध्यम से हम देश का भी विकास करना चाहते हैं और प्रदेश का भी विकास करना चाहते हैं। किसानों के लिए हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। कोई क्षेत्र किसी प्रकार से कम नहीं रहना चाहिए। यह बुंदेलखंड की धरती वीरों की धरती है जब भी मौका पड़ा देश और प्रदेश को इन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर देश प्रदेश का मान सम्मान बढ़ाया। यहां पलायन होता था अच्छी खेती करने में तकलीफ होती थी लेकिन पीएम मोदी ने केन बेतवा नदी जोड़ो अभियान शुरू किया। यह बुंदेलखंड के प्रति सम्मान है। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के साथ जोड़कर यह एक लाख करोड़ की परियोजना है। इस साल हमारी सरकार 2625 रुपए क्विंटल के हिसाब से किसानों से गेंहूं खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तो तीन साल बाकी हैं हमारी सरकार 2700 से भी आगे बढ़ाकर गेंहूं खरीदने का काम करने वाली है। केंद्र से हमको 78 लाख टन गेहूं खरीदने का कोटा दिया है। लेकिन अबकी बार गेंहूं की फसल डबल है। सोयाबीन के समय में भी किसानों के लिए भावंतर योजना देकर भी लाभ दिलाया था।
आज सरकारी विद्यालय प्राइवेट को पीछे छोड़ रहे हैं। इसीलिए इस साल 10वीं 12वीं का रिजल्ट आया तो सरकारी स्कूलों ने नंबर वन पर स्थान बनाया। पहले कांग्रेसियों के कार्यकाल में तो स्कूलों में बैठने के लिए टाट का बोरा घर से ले जाना पड़ता था, पेड़ की छांव में पढ़ना पड़ता था।
आज के इस अवसर पर 27 करोड़ की लागत से बना सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण, नवीन आईटीआई भवन, जरुआखेड़ा में 10 करोड़ की लागत से 60 सीटर छात्रावास भवन, लगभग 68 करोड़ से ज्यादा की सड़कों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ। बुंदेलखंड में 649 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। 230 किलोमीटर से अधिक प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़क, 19 पुल और पुलिया बनकर तैयार हो गए हैं। नल से जल 508 परियोजनाओं के लिए हमारी सरकार ने मंजूर किया है। जिला चिकित्साल में भी 100 विस्तरों के नए वार्ड का निर्माण किया जा रहा है। नए 6 प्रकार के औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो रहे हैं।
क्षेत्रीय विधायक की मांग पर आईटीआई में नए ट्रेड, नगर परिषद में विकास कार्य, छात्रावास, लघु सिंचाई परियोजान, सिंचाई परियोजना, पुल, हाईवे आदि बनाने की घोषणा की।