गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो से लापता हुआ कक्षा 4 का छात्र पुलिस की तत्परता से सकुशल बरामद कर लिया गया। छात्र ऑटो से उतरकर रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से छपरा-अमृत भारत एक्सप्रेस में सवार हो गया था। पुलिस, क्राइम ब्रांच और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में उसे तमकुही राज जंक्शन से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
मामला 9 सितंबर का बताया जा रहा है। HP डिफेंस एकेडमी में पढ़ने वाला छात्र पद्मनाभ गिरी, पुत्र मनोज गिरी, निवासी राप्ती नगर, शाहपुर थाना क्षेत्र, स्कूल की छुट्टी के बाद अन्य बच्चों के साथ ऑटो में बैठा था। ऑटो पिलर्स पब्लिक स्कूल के सामने बारिश के कारण लगे जाम में खड़ा था। ऑटो चालक आशीष कुमार जायसवाल के मुताबिक, छात्र ने खेलने के लिए बाहर जाने की इच्छा जताई थी। चालक ने उसे ऑटो में बैठा रहने को कहा और दूसरे बच्चे के लिए सामने ठेले से चिप्स लेने चला गया। चालक के अनुसार, वह करीब एक-दो मिनट बाद वापस लौटा तो छात्र ऑटो में मौजूद नहीं था। आसपास तलाश करने के बावजूद जब छात्र का पता नहीं चला तो चालक ने दोपहर करीब 2:02 बजे परिजनों को सूचना दी और 112 नंबर पर पुलिस को भी जानकारी दी।
छात्र के लापता होने की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें छात्र पैदल रेलवे स्टेशन की तरफ जाता दिखाई दिया। इसके बाद जीआरपी से समन्वय कर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों से संबंधित जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि छात्र शाम करीब चार बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन से छपरा-अमृत भारत एक्सप्रेस में सवार हो गया था।

ट्रेन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और जीआरपी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को अलर्ट किया और ट्रेन की लोकेशन पर नजर रखी। संयुक्त प्रयासों के तहत छात्र को तमकुही राज जंक्शन पर ट्रेन से सुरक्षित उतार लिया गया।इसके बाद पुलिस छात्र को गोरखपुर लेकर पहुंची और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
छात्र की तलाश में पुलिस, क्राइम ब्रांच और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग और ट्रेन की लोकेशन के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई से छात्र को समय रहते सुरक्षित बरामद कर लिया गया। परिजनों ने पुलिस और जीआरपी की तत्परता के लिए आभार जताया।