1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मुरैना में सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

मुरैना में सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

मुरैना की सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 41.21 लाख रुपये से अधिक नकदी, अवैध पिस्टल, जिंदा राउंड, धारदार हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल आई-20 कार भी जब्त की है। मामले की जांच में नकदी का संबंध फिरोजाबाद में दर्ज चोरी के एक प्रकरण से सामने आने की बात कही गई है।

By: Nivedita 
Updated:
मुरैना में सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

मुरैना:  सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 41 लाख 21 हजार 300 रुपये नकद, अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक आई-20 कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की आई-20 कार में चार संदिग्ध व्यक्ति किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धौलपुर-मुरैना रोड पर हरे बोर्ड के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन को तेज रफ्तार से भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोकने की कोशिश की, इसी दौरान ओवरब्रिज पर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।

हादसे में घायल हुए चारों आरोपी

कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें सवार चारों लोग घायल हो गए। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

 

कार से नकदी और हथियार बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें दो पिट्ठू बैग मिले। पुलिस के मुताबिक, एक बैग से 35 लाख 10 हजार रुपये और दूसरे बैग से 6 लाख 11 हजार 300 रुपये बरामद हुए। तलाशी के दौरान 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा राउंड, धारदार छुरा, लोहे का सरिया, तीन काले नकाब, चार मोबाइल फोन, एक नोटबुक और नीले रंग का पेन भी मिला।

फिरोजाबाद की चोरी की घटना से जुड़ी जांच

पुलिस जांच में बरामद नकदी का संबंध उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले से सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना रसूलपुर में अपराध क्रमांक 475/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(सी) में प्रकरण दर्ज है और इसकी जांच जारी है।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

चारों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 447/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और 25(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से बरामद सामान और नकदी के स्रोत के साथ-साथ उनके संभावित आपराधिक संपर्कों की भी जांच कर रही है।

 

 रिपोर्ट – बंटी सैमिल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...