मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 3209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 4 सालों के भीतर 4 लाख नौकरियां देने के रिकॉर्ड की तरफ बढ़ रही है। आज यानी बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 3209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया।
इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों से बातचीत भी की। नलकूप चालकों की नियुक्ति का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलेगा। अब किसानों को सिंचाई के लिए दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर भर्ती प्रक्रिया के बाद खुद अभ्यर्थियों से सवांद करते हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी शुचिता और पारदर्शिता बरतने का आदेश दिया हुआ है।
कोर्ट ने भी उत्तर प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया की सराहना कर चुकी है। बता दें कि कोरोना संक्रमण काल में भी यूपी में भर्ती प्रक्रिया जारी रही। यही वजह है कि यूपी सबसे ज्यादा नौकरी और रोजगार देने वाला प्रदेश बन गया है।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नवचयनित 3,209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरण एवं उनसे संवाद… https://t.co/s60cqv3nys
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 9, 2020
बता दें कि महिला सशक्तीकरण को सार्थकता देते हुए इन 3209 नलकूप चालकों में से 516 महिला अभ्यर्थियों की भी नियुक्ति की गई है। सीएम योगी ने नलकूप चालकों की कमी के वजह से सिंचाई में आ रही दिक्कतों को देखते हुए रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यूपीएसएसएससी को पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती कराने के निर्देश दिए थे।
आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को पूरा करते हुए परिणाम घोषित कर दिया था। आयोग ने 3209 नलकूप चालकों का चयन कर इसकी सूची सिंचाई विभाग को भेजी थी। विभाग ने 3209 नलकूप चालकों को पारदर्शी-निष्पक्ष प्रक्रिया से उनकी योग्यता क्रमांक के अनुसार ऐच्छिक जिले विकल्पों के अनुरूप आवंटित कर दिए हैं।