भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे “विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत भीम नगर में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सरकार की योजनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने अपने काफिले को छोड़कर इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) का उपयोग करते हुए भीम नगर की गलियों में जाकर लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ईवी न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि इससे खर्च भी कम होता है। उनका यह अलग अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एमपी बोर्ड की 12वीं टॉपर चांदनी विश्वकर्मा के घर भी पहुंचे। उन्होंने चांदनी और उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में मिली यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और बेटियों को दुलार कर उनके साथ सेल्फी भी ली। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय लोग उत्साहित और आश्चर्यचकित नजर आए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में जीवन स्तर और बेहतर होगा।