कल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुजालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो किया और क्षेत्र को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
कल हुए कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम राइज संदीपनी स्कूल का लोकार्पण किया तथा आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का भूमिपूजन कर शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1 करोड़ से अधिक किसानों से उपज खरीदी गई है और ₹24,000 करोड़ से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘कॉलेज चलो अभियान’ के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेश में रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और नए विश्वविद्यालयों व मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है।
सीएम ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत राज्य में जल संरक्षण और पुनरुद्धार के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। हजारों जल संरचनाओं के पुनर्निर्माण से प्रदेश को जल प्रबंधन के क्षेत्र में मजबूत बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं का उज्ज्वल भविष्य और किसानों का कल्याण सुनिश्चित करना है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे राज्य के विकास कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदार बनें।