मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शालिगराम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान घटना में इस्तेमाल किए जाने का आरोपित हथियार भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।

एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि ग्राम कोड़ा की घटना के संबंध में राजनगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।