दतिया उपचुनाव के प्रचार अभियान के सिलसिले में ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दतिया का चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और वहां की माटी के सम्मान से जुड़ा चुनाव है।
पत्रकारों से बातचीत में सिंधिया ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि दतिया की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कर पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और मध्य प्रदेश की डबल इंजन सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास को लेकर सरकार पहले भी प्रतिबद्ध थी और आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सिंधिया ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि मतदाता विकास के मुद्दे पर भाजपा का साथ देंगे।