उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार देर रात को एक बड़ा हादसा हो गया। घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास एक रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो घायलों को मेरठ के लिए रेफर किया गया है।
बुधवार देर रात को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर रोहाना टोल प्लाजा के पास रोडवेज की बस ने पंजाब से लौट रहे श्रमिकों के काफिले को कुचल दिया। वहीं हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बस को लेकर फरार हो गया। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि सभी मजदूर पंजाब से पैदल लौट रहे थे। मृतक और घायल मजदूर बिहार प्रांत के जनपद गोपालगंज के बताए गए हैं।