बुरहानपुर शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिंकू टांक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने मटका फोड़कर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही और असमान जल आपूर्ति व्यवस्था के कारण शहर के कई वार्डों में लोग पानी की गंभीर किल्लत से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि कहीं अत्यधिक जल आपूर्ति हो रही है तो कई इलाकों में कई दिनों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिंकू टांक ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से शुरू की गई JMC जल वितरण योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है। वर्ष 2050 तक जल संकट खत्म करने के दावे किए गए थे, लेकिन वर्तमान में हालात बेहद खराब हैं और लोग दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।
जिला मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला ने बताया कि कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए सभी वार्डों में समान और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां तत्काल टैंकर भेजने की अपील की गई है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 8 दिनों के भीतर पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो “बुरहानपुर बंद” का आह्वान किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।