1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबी मुबारक के मकान पर गरजा बुलडोजर

प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबी मुबारक के मकान पर गरजा बुलडोजर

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबी मुबारक के मकान पर गरजा बुलडोजर

प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबी मुबारक के मकान पर गरजा बुलडोजर

प्रयागराज : बाहुबलियों और माफियाओं के विरुद्ध योगी सरकार का एक्शन लगातार जारी है। इस कड़ी में बुधवार को माफिया डॉन अतीक अहमद गैंग के शार्प शूटर मुबारक के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण पीडीए ने बड़ी कार्रवाई की है।

फरार चल रहे बक्शी मोढ़ा के ग्राम प्रधान मुबारक के अवैध निर्माण पर पीडीए का बुलडोजर चला है। पीडीए‌ ने मुबारक की दो अवैध बिल्डिंगों को चार जेसीबी मशीनों से जमींदोज कर दिया है। मुबारक प्रधान पर आरोप है कि उसने पीडीए से नक्शा पास कराए बगैर ही अवैध रूप से इन दोनों बिल्डिंगों का निर्माण करवाया है. मुबारक प्रधान ने 400-400 वर्ग मीटर में दो अवैध भवनों का निर्माण करवाया है जिनकी अनुमानित लागत करोड़ों में बताई जा रही है. आरोप है कि तीन मंजिला एक बिल्डिंग कब्रिस्तान की जमीन पर और दूसरी बिल्डिंग किसी दूसरे व्यक्ति की जमीन पर कब्जा कर के बनाई गई है।

बक्शी मोढ़ा का ग्राम प्रधान मुबारक घोषित भूमाफिया है। हिस्ट्रीशीटर मुबारक के खिलाफ करेली समेत अन्य थानों में तीन दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से फरार मुबारक की तलाश है। पीडीए के जोनल अधिकारी सत शुक्ला और जोनल अधिकारी आलोक पांडे के नेतृत्व में चार जेसीबी मशीनों द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

इस दौरान मुबारक के परिवार की महिलाओं ने प्रशासन के ध्वस्तीकरण का विरोध किया। उनके द्वारा वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी और धक्का-मुक्की का प्रयास किया गया, लेकिन फिर भी कार्रवाई जारी रही। मौके पर बवाल की आशंका के चलते कई थानों की पुलिस फोर्स और महिला पुलिस भी तैनात की गई थी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस, राजस्व और प्रयागराज विकास प्राधिकारण के अधिकारी मौजूद रहे। पीडीए द्वारा प्रयागराज में माफियाओं की अवैध संपत्तियों के खिलाफ यह 28वीं कार्रवाई की गई है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...