Bihar News : गोपालगंज में शराब तस्करों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बलथरी चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 82 अलग-अलग कांडों में जब्त की गई करीब 5088 लीटर देसी और विदेशी शराब को नष्ट कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी के जरिए शराब की बोतलों और पैकेटों को कुचलकर विनष्ट किया गया।
बताया जा रहा है कि नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। यह शराब जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान जब्त की गई थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम पदाधिकारी के निर्देश पर शराब को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अलग-अलग मामलों में जब्त की गई शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट कराया गया है। बलथरी चेक पोस्ट पर पूरी कार्रवाई मजिस्ट्रेट और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बीच पूरी की गई।
दरअसल, गोपालगंज बिहार का सीमावर्ती जिला है। दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की बड़ी संख्या के कारण यहां शराब तस्करी पर निगरानी प्रशासन के लिए चुनौती बनी रहती है। तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए कभी वाहनों के अलग-अलग हिस्सों में शराब छिपाते हैं, तो कभी सामान के बीच शराब की खेप ले जाने की कोशिश करते हैं।
पुलिस और उत्पाद विभाग की ओर से वाहन जांच, गुप्त सूचना और अन्य माध्यमों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अलग-अलग मामलों में जब्त शराब को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्ट कराया जा रहा है।बलथरी चेक पोस्ट पर हुई कार्रवाई में 82 कांडों से संबंधित 5088 लीटर शराब को जेसीबी से नष्ट किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जब्त शराब को दोबारा अवैध बाजार में पहुंचने से रोकना है।फिलहाल गोपालगंज में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से तस्करों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज।