प्रवासी मजदूरों के आगमन के साथ कासगंज में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को एक और युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। युवक छह दिन पहले दिल्ली से लौटा था तथा जांच के बाद नोरथा में क्वारंटाइन किया गया था। एक और में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अब जिले में संक्रमितों की संख्या कुल 26 हो चुकी है। जिनमें से 17 लोग ठीक हो चुके हैं। नौ केस अभी एक्टिव हैं। अधिकांश संक्रमित मामले प्रवासियों या उनसे संपर्क में आए लोगों के हैं।
अमांपुर के गांव नगला तुलसी निवासी युवक दिल्ली में काम करता था। लॉकडाउन फाइव के अंतिम दिनों में वह दिल्ली से किसी वाहन से लौटा। 30 मई को युवक गांव में पहुंचा तथा 31 को जांच कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचा। जहां पर सैंपल लेने के बाद में इसे नोरथा में क्वारंटाइन करा दिया गया। जांच में संक्रमित मिलने के बाद में अब स्वास्थ्य विभाग युवक के संपर्क में आने वालों की तलाश कर रहा है।