रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी में आगामीं विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी एक्टिव हो गई है। BJP चुनावी मोड़ में आ गई है, अब पार्टी मीडिया को लेकर भी रणनीति बनाने में जुट गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया विंग के पदाधिकारियों से कहा कि हमें अपनी बातों को रखने की आदत डालनी होगी।
उन्होने कहा सोशल मीडिया में लिखने की आदत डालना होगी। हमारी योजनाओं को लेकर वो हमें ट्रोल करते है। तो हमें बैक फुट पर नहीं आना है। पूरी ताकत से जवाब देना है। इसके साथ ही उन्होने कहा कि युद्ध में विजय के लिए आपको अपनी बातों को रखना जरूरी है। खुद को अपडेट रखना होगा। सरकार की योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए। आरोप लगाना उनका काम है, लेकिन जवाब कैसे देना है, ये तैयारी आपको करनी है।
इसके प्रथम सत्र में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव सीएम हाउस में इफ्तार पार्टी देते रहे हैं। लेकिन नवरात्र में कभी फलाहार नहीं कराया। उन्हें मंदिर जाने की याद भी चुनाव से पहले ही आती है। वे कभी कुंभ के मेले में स्नान करने नहीं गए।
वहीं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी की मीडिया विंग से जुड़े पदाधिकारियों व मीडिया पैनलिस्टों को संबोधित करते हुए कहा कि राम मंदिर, आर्टिकल 370, ट्रिपल तलाक़, राष्ट्रवाद जैसे हर विषय को आप सबको डिबेट में रखना है। ये पार्टी का कोर एजेंडा है और हर प्रवक्ता को चाहे कोई भी डिबेट हो अपना कोर मुद्दा रखना ही है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पत्रकारों से अच्छे ताल्लुकात रखिए। पत्रकार आपके पक्ष में लिखे या ना लिखे, उनसे नाराजगी जाहिर नहीं करनी है। पत्रकारों को मित्र बनाइए। उन्हें अपने विचार से जोड़िए। उनके सुख दुख में शामिल होने की आदत डालिए।
आपको बता दें कि कार्यशाल में पार्टी के सभी प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया पैनिलिस्ट, सभी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी व सहप्रभारी, सभी जिलों के मीडिया प्रभारी और प्रदेश मीडिया सम्पर्क विभाग के संयोजक, सह संयोजक, क्षेत्रीय संयोजक व मोर्चो के प्रदेश मीडिया प्रभारी शामिल हुए हैं। आगामीं विधानसभा चुनाव को देखते हुए मीडिया की भूमिका और मैनेजमेंट का तरीका बताया जा रहा है।