रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती ही जा रही है। सभी दल अपने-अपने मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में आ गये हैं। भारतीय जनता पार्टी जन आशिर्वाद यात्रा के माध्यम से यूपी में केंदीय मंत्रियों समेंत कई दिग्गजों को उतार दिया है। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधायकों और टिकट के दावेदारों को विधानसभा क्षेत्रों में भावी प्रत्याशी लिखकर पोस्टर, बैनर व होर्डिंग्स नहीं लगायें है।
उन्होंने सीएम योगी और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में लोक भवन में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में कहा कि विधानसभा चुनाव मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों और उनके नाम पर ही जीता जा सकता है। इसलिए विधायक अपने क्षेत्र में न केवल सरकार की उपलब्धियों का प्रचार प्रसार करें बल्कि मोदी-योगी के नाम का ही प्रचार करें।
वहीं सीएम योगी ने कहा कि विधायक जनता के बीच जाकर उन्हें सरकार की ओर से किए गए कार्यों को बताएं। उन्होंने बुधवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में प्रस्तुत होने वाले अनुपूरक बजट के दौरान सदन में शत प्रतिशत विधायकों को उपस्थित रहने को कहा।
साथ ही सीएम योगी ने कहा कि सरकार मिशन शक्ति के तीसरे चरण की शुरुआत 21 अगस्त से कर रही है। विधायक भी मिशन शक्ति में अपना योगदान दें। इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना सहित अन्य मंत्री मौजूद थे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 में जीत का चौका लगाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2017 और 2019 के बाद 2022 में भी भाजपा की जीत का अभियान जारी रहेगा। बुधवार को मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के हंगामें पर एक घंटे सहन को स्थगित करना पड़ा है। सरकार सत्र के दिन अनुपूरक बजट पेश कर रही है।