भोपाल: संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई से देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने अभियान की रूपरेखा साझा की। यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।
डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने बताया कि मध्य प्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों में इस अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान को पांच चरणों में संचालित किया जाएगा, जिसमें सामाजिक समरसता और संत रविदास जी के विचारों के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान के पहले चरण में संत रविदास जी महाराज के मंदिरों में दीप प्रज्वलन और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाकर कलश यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
भाजपा का कहना है कि यह अभियान समाज में सामाजिक एकता को मजबूत करने और संत रविदास जी के आदर्शों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।