समाजवादी पार्टी की जीत से बौखलाए भाजपाई- अखिलेश यादव
वाराणसी से शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव, झांसी खण्ड स्नातक सीट पर डॉ. मान सिंह यादव और वाराणसी सीट पर आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज की है। मान सिंह यादव ने चार बार के भाजपा विधायक यज्ञदत्त शर्मा को पराजित किया है। आशुतोष सिन्हा ने निवर्तमान विधायक केदार नाथ सिंह को शिकस्त दी हैं।
विधान परिषद के चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत और अपनी हार से बौखलाए भाजपाईयों ने मतगणना में घपले की कोशिश में झांसी की पुलिस पर जानलेवा हमला किया। इन हमलावरों की तुरन्त गिरफ्तारी होनी चाहिए। इसी तरह आगरा में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध सरकारी तंत्र साजिशों से बाज नहीं आया।
हजारों मतपत्र मनमाने तरीके से रद्द कर दिए गए हैं। इससे जनता में भारी आक्रोश है। यह समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को पराजित करने का षडयंत्र है। इन तरीकों से भाजपा के जीत के दावे अनैतिक और अवांछनीय है।
शिक्षक स्नातक चुनावों में सत्ता के खुले दुरूपयोग, फर्जीवाड़े के बाद भी झांसी से लेकर प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र काशी तक भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। मुख्यमंत्री जी का भाग्य भी उनके क्षेत्र में काम नहीं आया। जनता ने भाजपा नेतृत्व को बता दिया है कि अब भाजपा से उसका विश्वास उठ गया है।
विधान परिषद चुनाव में वाराणसी शिक्षक व स्नातक सीट तथा झाँसी-प्रयागराज खण्ड स्नातक सीट पर जीते सपा के उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई एवं सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को कोटि-कोटि धन्यवाद! #बाइस_में_बाइसिकल
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 5, 2020
प्रधानमंत्री जी के प्रति किसान तो आंदोलित है ही, शिक्षक, स्नातक भी उनको सबक सिखाना चाहता है। अब हर कोई इस राय का हो गया है कि ‘बाइस में बाइसिकल‘ ही उसकी पसंद होगी।