छिंदवाड़ा में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक, सामाजिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी एक माह के भीतर मोर्चा के जिला अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष पाटीदार ने चौरई और छिंदवाड़ा में कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से संवाद किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
चौरई में आयोजित हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करते हुए पाटीदार ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और परिवर्तन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े, वंचित और गरीब वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से हो रहा है।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पवन पाटीदार ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित और सेवा भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक पूंजी हैं।
इस कार्यक्रम में सांसद बंटी विवेक साहू और भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान पवन पाटीदार ने कार्यकर्ताओं के साथ गांधीगंज स्थित मुख्यमंत्री दीनदयाल रसोई में भोजन किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नगर अध्यक्ष नीरज भारद्वाज सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।