रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: देश में कोरोना का कहर इतना भयावह हो गया है कि अब इसकी चर्चा करने से ही रुह कांप जा रही है। अस्पतालों से ज्यादा अब लोगो की भीड़ श्यमशान घाटों पर दिखने लगी है। आम नागरिक से लेकर खास नागरिक तक इसकी चपेट में आकर दम तोड़ रहें हैं। इसी बीच यूपी से एक थोड़ी राहत देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार को सूबे में जो रिपोर्ट जारी की गई, उसमें थोड़ी राहत दिखाई दे रही है। सूबे में पिछली 24 घंटे में जहां 28 हजार 200 नए मामले सामने आए हैं, वहीं एक दिन में कोरोना को हराने वालों की संख्या भी 11 हजार के पार हो गई।
प्रदेश में रिकवरी रेट बढ़ना कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अच्छा संकेत माना जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 25 दिनों में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट की मानें तो पिछले 24 घंटों में कोरोना के 28 हजार 200 नए मामले सामने आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा मामले राजधानी लखनऊ से सामने आए। यहां एक दिन में 5 हजार 800 नए मरीज मिले हैं। वहीं, पिछले में 24 घंटों में 167 लोगों ने दम तोड़ दिया। राजधानी लखनऊ में ही 22 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया है।
पिछले 25 दिनों में पहली बार सोमवार को सबसे ज्यादा रिकवरी हुई। 24 घंटों के अंदर लगभग 11 हजार लोगों ने कोरोना को मात दी है। डॉक्टरों ने बताया कि प्रदेश में कोरोना से रिकवर होने वाले लोगों की संख्या का बढ़ना अच्छा संकेत है। एक हफ्ते के भीतर ही नए मामलों में 204 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई थी।
महामारी की बढ़ रही स्थिति को देखते हुए सीएम योगी ने तत्काल ऐक्शन लिया। कोरोना से जंग के लिए बनी टीम-11 को सीएम ने कई सख्त निर्देश दिए। सीएम ने आदेश दिया कि कोरोना के नियमों का पालन नहीं करने वालों तथा मास्क लगाने में लापरवाही बरतने वाले लोगों पर कड़ा ऐक्शन लिया जाए। पहली बार बिना मास्क पकड़े जाने पर 1 हजार रुपये और दोबारा पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये का फाइन लगाया जाए।