बुरहानपुर में आज औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित निमाड़ इंडस्ट्रियल मीट में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने व्यापारियों, उद्योगपतियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले की औद्योगिक संभावनाओं पर मंथन किया।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तर्ज पर आयोजित इस निमाड़ इंडस्ट्रियल मीट का उद्देश्य बुरहानपुर जिले में निवेश को बढ़ावा देना और नए उद्योगों को आकर्षित करना है।
कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और नेपानगर विधायक मंजू दादू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मीट के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि पहले जहां 400 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान था, वहीं अब यह बढ़कर 800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो प्रदेश के तेजी से हो रहे विकास को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बुरहानपुर में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और खरखोद क्षेत्र में एक इंडस्ट्रियल हब विकसित किया जा रहा है, जो जल्द ही शुरू होगा।