1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. युवाओं के लिए बड़ी पहल: विकसित भारत रोजगार योजना से मिलेगा आर्थिक लाभ

युवाओं के लिए बड़ी पहल: विकसित भारत रोजगार योजना से मिलेगा आर्थिक लाभ

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत युवाओं को पहली नौकरी पर 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि और नियोक्ताओं को भी आर्थिक लाभ दिया जाएगा। यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन और DBT आधारित है, जिससे लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

By: Nivedita 
Updated:
युवाओं के लिए बड़ी पहल: विकसित भारत रोजगार योजना से मिलेगा आर्थिक लाभ

भोपाल में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक सहयोग की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस योजना के तहत पहली बार नौकरी करने वाले और ईपीएफओ से जुड़ने वाले पात्र युवाओं को एक वर्ष में दो किस्तों में कुल 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

किस्तों में मिलेगा लाभ

योजना के अनुसार, लाभार्थियों को छह महीने की नौकरी पूरी करने पर पहली किस्त और एक वर्ष पूरा होने पर दूसरी किस्त प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को वित्तीय साक्षरता से जुड़ा एक छोटा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि वे आर्थिक रूप से अधिक जागरूक बन सकें।

नियोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ

केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त गौतम के अनुसार, इस योजना के तहत कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले नियोक्ताओं को भी प्रति कर्मचारी अधिकतम 3 हजार रुपये प्रतिमाह तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो उनकी पात्रता पर निर्भर करेगी।

 

पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी

अधिकारियों ने बताया कि यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) आधारित है। सभी भुगतान सीधे लाभार्थियों और नियोक्ताओं के बैंक खातों में भेजे जाते हैं, जिससे किसी भी तरह के बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है।

लाखों युवाओं को मिल चुका लाभ

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, देशभर में अब तक लगभग 15 लाख लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ही 62 हजार से अधिक लाभार्थी इस योजना का लाभ ले रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में अधिक जागरूकता के साथ योजना का दायरा और बढ़ेगा।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...