1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. झाबुआ में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान, महिला सशक्तिकरण से लेकर रोजगार और किसान कल्याण पर दिया जोर

झाबुआ में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान, महिला सशक्तिकरण से लेकर रोजगार और किसान कल्याण पर दिया जोर

झाबुआ के थांदला में आयोजित ऋण वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, आदिवासी विकास और रोजगार से जुड़े कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका, विकास परियोजनाओं और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

By: Nivedita 
Updated:
झाबुआ में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान, महिला सशक्तिकरण से लेकर रोजगार और किसान कल्याण पर दिया जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने झाबुआ जिले के थांदला में आयोजित ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र के ऐतिहासिक, सामाजिक और विकास से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि झाबुआ की धरती वीर झब्बू भील, जननायक टंट्या मामा और क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद जैसे महान व्यक्तित्वों से जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ने थांदला को छोटी काशी के नाम से संबोधित करते हुए क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख किया।

महिला शक्ति की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला शक्ति आत्मनिर्भरता और विकास की नई कहानी लिख रही है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र से लेकर तकनीकी कार्यों तक महिलाएं अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में ड्रोन दीदी, कृषि सखी, पशुपालन सखी, बैंक सखी, बीसी सखी और उद्यमी सखी जैसी भूमिकाओं में महिलाएं सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। खेती, जैविक उत्पादन, सब्जी उत्पादन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।

गेहूं उपार्जन में मध्य प्रदेश की उपलब्धि का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गेहूं खरीदी में मध्य प्रदेश ने देश में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि कल्याण वर्ष में किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने पर सरकार लगातार काम कर रही है।

झाबुआ में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि झाबुआ जिले में 11,900 से अधिक स्वयं सहायता समूह संचालित हो रहे हैं, जिनसे करीब 1.56 लाख परिवारों को आजीविका और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

विकास परियोजनाओं और रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार में पीएम मित्र पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिससे करीब 3 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने झाबुआ और धार क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और नए उद्योगों के विकास की बात भी कही। उन्होंने बताया कि थांदला क्षेत्र में रेल सुविधा के विस्तार के साथ-साथ पक्का हेलीपैड बनाने की योजना भी है। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल स्टेडियम बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

 

आदिवासी कल्याण और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज के हितों को लेकर कहा कि आदिवासियों को दिए गए पट्टों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया सहित अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

महिला सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को लेकर कहा कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा डेस्क और महिला थानों को मजबूत किया जा रहा है, ताकि पीड़ितों को बेहतर सहायता मिल सके।

किसानों, महिलाओं और युवाओं के विकास का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, पशुपालन को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...