रिपोर्ट: सत्यम दुबे
जौनपुर: यूपी की योगी सरकार सूबे में किसी काम की लापरवाही को लेकर सख्त है। सरकार लगातार प्रशासन में बड़ा फेरबदल कर रही है। अब जौनपुर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा भी एक्शन में आ गये हैं। जिलाधिकारी ने अमृत योजना के अंतर्गत हो रहे सीवर पाइप कार्य की सुस्त रफ्तार पर बड़ा एक्शन लिया है।
आपको बता दें कि जिलाधिकारी के इस कार्रवाई के तहत कार्यदाई संस्था पर FIR दर्ज कराई गई है। DM मनीष कुमार कई बार कार्यदाई संस्था को सुस्त रफ्तार के चलते चेतावनी दे चुके थे। फिर भी कार्य में खास तेजी नहीं दिखी। ऐसे में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने लाइन बाजार थाने में कार्यदाई संस्था के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।
इस मामले में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि जल निगम के एक्सईएन संजय गुप्ता ने इस बाबत लाइन बाजार थाने में तहरीर दी थी। इस मामले में कार्यदाई संस्था के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के कार्य को सही समय पर पूरा न करने और शर्तों का अनुपालन न करने के संबंध में यह मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वहीं जल निगम के एक्सईएन संजय गुप्ता की मानें तो इससे पहले जिलाधिकारी ने कई बार कार्यदाई संस्था को चेतावनी दी थी। समय से कार्य पूरा न करने के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कई बार पत्र लिखकर कार्यदाई संस्था को काम में तेजी लाने को भी कहा था। कई बार दी गई चेतावनी के बावजूद समय से कार्य पूरा न करने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर उन्होंने कार्यदाई संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की।