मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बड़ावदा पुलिस ने डोडाचूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में थाना बड़ावदा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के परिवहन की सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा।तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 13 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों से करीब 290 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपये है।
कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक और उसका साथी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

बड़ावदा पुलिस ने जब्त डोडाचूरा और वाहन के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
रतलाम पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ जागरूक रहने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।