नोएडा : केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन रविवार को 11वें दिन भी जारी हैं। दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर धरना दे रहे किसानों को समर्थन देने के लिए भारतीय किसान संघ लोक शक्ति के सदस्यों ने नोएडा में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल से दिल्ली की ओर कूच शुरू कर दिया हैं।
ये किसान कालिंदी कुंज के रास्ते दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करके बैरिकेडिंग लगा दी गई हैं। हालांकि पुलिस उन्हें बैरिकेडिंग से आगे नहीं बढ़ने दिया तो वह सड़क पर बैठकर विरोध कर रहे हैं। इस दौरान वह मोदी और योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
वहीं साउथ दिल्ली के डीसीपी राजेश एस ने कहा कि डीएनडी और कालिंदी कुज पर हमारी गाड़ियां खड़ी है और भारी फोर्स तैनात है, लेकिन हम अपील करेंगे कि ये आगे न बढ़ें।
नोएडा कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति ने दिल्ली कूच करना शुरू किया। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, आज हम सभी कालिंदी कुंज बॉर्डर से दिल्ली कूच करेंगे। हम रुकने वाले नहीं हैं, दिल्ली जाकर सरकार से अपनी बात मनवा के रहेंगे।
कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि विपक्ष किसानों को भड़काने का काम कर रहा हैं। कुछ राजनीतिक लोग आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। इस बिल के माध्यम से किसानों को आज़ादी मिली हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एमएसपी आगे जारी रहेगी और सरकार इस बारे में लिखकर भी दे सकती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि खेतों में काम कर रहे असली किसानों को इससे कृषि कानूनों से आपत्ति हैं।