बड़वानी में 27 मई की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां इंदौर से पाटी की ओर जा रही बीयर से भरी पिकअप गाड़ी को बदमाशों ने मोटरसाइकिलों से घेरकर रोक लिया। आरोपियों ने चालक और उसके साथी के साथ मारपीट कर वाहन को लूट लिया और उन्हें डराकर जंगल की ओर ले गए।
बदमाश पीड़ितों को बावनगजा की पहाड़ियों के पास जंगल में ले गए और वहां से पिकअप वाहन समेत बीयर की पेटियां लेकर फरार हो गए। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़वानी पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी साक्ष्य, साइबर टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। त्वरित दबिश के दौरान पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से भी दर्ज बताया गया है।
बड़वानी पुलिस ने इस मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।