1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. 70 साल से बदहाल बसाली-कुंडिया सड़क! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

70 साल से बदहाल बसाली-कुंडिया सड़क! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

बुरहानपुर जिले के बसाली-कुंडिया मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सात से अधिक गांवों के लोग वर्षों से कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और जल्द काम शुरू नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। छात्रों ने भी स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानियों को साझा किया।

By: BS Yadav 
Updated:
70 साल से बदहाल बसाली-कुंडिया सड़क! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में बसाली से कुंडिया मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। आजादी के 70 से अधिक वर्षों बाद भी सड़क का निर्माण नहीं होने से सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और सरकार से जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि बसाली, साईखेड़ा, नागझिरी, आमगांव, उसारणी, नांदुरा सहित सात से अधिक गांवों के लिए यही सबसे नजदीकी और प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से लोगों को खकनार तहसील, अस्पताल, स्कूल, वन विभाग और अन्य सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना पड़ता है। बरसात के मौसम में यह सड़क कीचड़ से भर जाती है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।

सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रवि कुमार पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़ा जनआंदोलन करेंगे। इस दौरान जनपद सदस्य गणेश मावस्कर, उप सरपंच देविदास, नंदू पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सरकार से तत्काल सड़क निर्माण की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने भी अपनी परेशानियां साझा कीं। छात्र गणेश ने बताया कि खराब सड़क के कारण स्कूल पहुंचने में भारी दिक्कत होती है। वहीं छात्र राम ने कोरकू भाषा में पक्की सड़क निर्माण की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द बसाली-कुंडिया मार्ग का निर्माण शुरू करने की मांग की।

रिपोर्ट राजूसिंह राठौड़

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...