बड़वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की जानकारी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक उषा ठाकुर ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने अभियान के साथ-साथ युवाओं, Gen-Z, कांग्रेस और क्षेत्र से हो रहे पलायन को लेकर भी अपनी बात रखी।
उषा ठाकुर के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है। इसकी शुरुआत ‘आशीर्वाद दीप’ जलाकर की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में शुभ कार्यों की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ करने की परंपरा रही है। अभियान के तहत मंदिरों, घाटों, महापुरुषों से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद वहां दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। लाभार्थियों से संपर्क, नए उद्यमियों और महिलाओं से संवाद समेत विभिन्न सेवा गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा रहेंगी।
उषा ठाकुर ने कहा कि यह अभियान किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं चलाया जा रहा है। उन्होंने इसे भाजपा की कार्यशैली और संगठनात्मक संस्कृति का हिस्सा बताया। उनके अनुसार, पार्टी के पदाधिकारी लगातार जनता के बीच सक्रिय रहते हैं और जनसंवाद के जरिए लोगों की समस्याओं को समझने का प्रयास करते हैं। अभियान के कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना जिला अध्यक्ष और कार्यक्रम प्रभारी तैयार करेंगे।
राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित छात्र संवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर उषा ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश का युवा जागरूक है और उसे रोजगार, शिक्षा तथा विकास जैसे मुद्दों की समझ है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। Gen-Z से जुड़े आंदोलनों पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है। विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में काम करना सरकार की जिम्मेदारी है। हालांकि उन्होंने युवाओं से अपनी बात संस्कृति और संस्कारों के अनुरूप रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें किसी के प्रभाव में आकर इस्तेमाल होने से बचना चाहिए।

पत्रकार वार्ता के दौरान उषा ठाकुर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने कई मौकों पर देशहित से जुड़े मुद्दों का विरोध किया और तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने धारा 370, राम मंदिर और तीन तलाक जैसे विषयों पर बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने इन फैसलों को राष्ट्रहित से जोड़ते हुए पिछली सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए।
बड़वानी और आदिवासी क्षेत्रों से पलायन के सवाल पर भाजपा विधायक ने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास, लघु उद्योग और स्टार्टअप के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने धार में टेक्सटाइल पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी तरह बड़वानी समेत आदिवासी क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर विकसित किए जाने की जरूरत है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बढ़ी है। उषा ठाकुर ने प्रस्तावित जलमार्ग और क्षेत्रीय विकास की योजनाओं को भी रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज क्षेत्र की बड़ी ताकत है और उसके विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।