1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. बड़वानी नगर पालिका में नपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, सीएमओ कक्ष मिला बंद; अनुपस्थित कर्मचारियों पर वेतन कटौती की चेतावनी

बड़वानी नगर पालिका में नपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, सीएमओ कक्ष मिला बंद; अनुपस्थित कर्मचारियों पर वेतन कटौती की चेतावनी

बड़वानी नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कई शाखाओं में कर्मचारी नदारद मिले और सीएमओ कक्ष बंद मिला। अनुपस्थिति पर वेतन कटौती की चेतावनी दी गई।

By: BS Yadav 
Updated:
बड़वानी नगर पालिका में नपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, सीएमओ कक्ष मिला बंद; अनुपस्थित कर्मचारियों पर वेतन कटौती की चेतावनी

बड़वानी। नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने बुधवार को नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यालयीन कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान कुछ शाखाओं में कुर्सियां खाली मिलीं, जबकि नगर पालिका के सीएमओ का कक्ष भी बंद पाया गया। नपाध्यक्ष ने कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने और नियमित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर वेतन कटौती की चेतावनी दी।

कई शाखाओं का किया निरीक्षण

नगर पालिका अध्यक्ष ने जलकर, संपत्ति कर, जन्म-मृत्यु, सामाजिक न्याय पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आधार शाखा समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ कर्मचारी फील्ड में होने के कारण अपने चेंबर में मौजूद नहीं थे। वहीं कई कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित होकर नियमित रूप से काम करते हुए मिले।निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर भी चेक किया गया। कुछ कर्मचारियों द्वारा समय पर हाजिरी रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं किए जाने की बात सामने आई। नपाध्यक्ष ने ऐसे कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।वहीं, नगर पालिका के सीएमओ का कक्ष भी बंद मिला। इस संबंध में बताया गया कि सीएमओ फील्ड में गए हुए हैं।

बायोमेट्रिक और रजिस्टर से होगी क्रॉस चेकिंग

नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए कर्मचारियों की उपस्थिति और कामकाज की नियमित निगरानी जरूरी है। उन्होंने सभी शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और हाजिरी रजिस्टर चेक किया।उन्होंने कर्मचारियों को नियमित समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि समय पर कार्यालय नहीं आने या हाजिरी रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर वेतन में कटौती भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका में कर्मचारियों की उपस्थिति के लिए दोहरी व्यवस्था लागू है। सुबह और शाम बायोमेट्रिक अटेंडेंस के साथ शाखा प्रभारी के पास रखे हाजिरी रजिस्टर में भी हस्ताक्षर करना होता है। महीने के अंत में दोनों रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद वेतन तैयार किया जाता है। नपाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कर्मचारी को अति आवश्यक कार्य से कार्यालय से बाहर जाना है तो उसे संबंधित शाखा प्रभारी को आवेदन देकर अनुमति लेना अनिवार्य होगा। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने और समयबद्ध तरीके से जनता से जुड़े कार्यों का निपटारा करने के निर्देश दिए गए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...