जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ कांस्य पदक जीतकर बड़वानी की खिलाड़ी स्नेहा दावदे गुरुवार को अपने शहर लौटीं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
स्नेहा के आगमन पर शहर में स्वागत जुलूस निकाला गया। प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह मंच बनाकर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और खेलप्रेमियों ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।

स्नेहा ने बताया कि वह बचपन से ही अपनी बुआ पिंकी दावदे के साथ हॉकी खेल से जुड़ी रहीं। कड़ी मेहनत, समर्पण और कोच मुकेश राठौड़ के मार्गदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मदद की।
कई चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बावजूद स्नेहा ने निरंतर अभ्यास करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारा और राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जिले का नाम रोशन किया।
खेलप्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्नेहा की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

स्नेहा दावदे की इस उपलब्धि से न केवल बड़वानी, बल्कि पूरा मध्यप्रदेश गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।