1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी: खबर का असर, बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर यातायात पुलिस का अभियान, लगाए रेडियम रिफ्लेक्टर

बड़वानी: खबर का असर, बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर यातायात पुलिस का अभियान, लगाए रेडियम रिफ्लेक्टर

बड़वानी में 5 साल की मासूम को ट्रैक्टर से टक्कर लगने की घटना के बाद यातायात पुलिस ने बिना नंबर और बिना रिफ्लेक्टर वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ अभियान चलाया। राजघाट रोड पर वाहनों की जांच कर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए और चालकों को नंबर प्लेट, ओवरलोडिंग व यातायात नियमों को लेकर समझाइश दी गई।

By: Nivedita 
Updated:
बड़वानी: खबर का असर, बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर यातायात पुलिस का अभियान, लगाए रेडियम रिफ्लेक्टर

बड़वानी। जिले में बिना नंबर प्लेट और बिना रिफ्लेक्टर के सड़कों पर दौड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर उठे सवालों के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में 5 साल की मासूम बालिका को बिना नंबर के ट्रैक्टर से टक्कर लगने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने राजघाट रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य लोडिंग वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए।

मासूम को ट्रैक्टर ने मारी थी टक्कर

शहर में निजी बुक स्टोर के पास बुधवार को एक 5 वर्षीय बालिका को बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया बालिका के पैर पर चढ़ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद बिना नंबर चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और इनसे जुड़े सड़क सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था।

बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बढ़ रहा सड़क सुरक्षा का खतरा

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मिट्टी, गिट्टी, ईंट और अन्य सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कई मार्गों पर आवाजाही करती हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे वाहन भी बताए जा रहे हैं, जिन पर नंबर प्लेट या पर्याप्त रिफ्लेक्टिव मार्किंग नहीं होती। रात के समय पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ऐसे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

 

राजघाट रोड पर यातायात पुलिस की सघन चेकिंग

घटना के बाद यातायात पुलिस ने राजघाट रोड पर विशेष अभियान चलाया। यातायात थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और लोडिंग वाहनों की जांच की तथा उन पर चमकीले रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। इन रिफ्लेक्टर का उद्देश्य रात में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मौजूदगी समय रहते दिखाई देना है।

चालकों को नंबर प्लेट और ओवरलोडिंग को लेकर समझाइश

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट और निर्धारित नंबर प्लेट लगाने की हिदायत दी। इसके साथ ही ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी समझाइश दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने और रात में वाहनों को पर्याप्त रूप से दृश्यमान रखने की अपील की है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिफ्लेक्टर लगाने तथा जागरूकता की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी। वहीं, बालिका को टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज कर उसे अभिरक्षा में लिया है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...