गरीबों व साधुओं को राहत सामग्री बांटने में बिना मास्क नाबालिग से रिक्शा खिचवाने का मामला तूल पकड़ गया है। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर श्रम विभाग की टीम ने पड़ताल शुरू की है। वहीं, रविवार को कामदगिरि प्रमुख द्वार के संत व समाज सेवियों के बयान दर्ज किए गए।
बतादें कि, सोशल मीडिया में वायरल फोटो के मुताबिक दो दिन पहले कर्वी मुख्यालय निवासी समाजसेवी व व्यापारी नेता शानू गुप्ता दान पुण्य के उद्देश्य से चित्रकूट तीर्थ क्षेत्र में राहत सामग्री बांट रहे थे। वहां बंदरों को फल खिलाने, गरीबों व साधुओं को राहत सामग्री बांटने को रिक्शा पर सामान रखा गया। इसको कक्षा छह में पढ़ने वाले 12 वर्षीय किशोर अंकित पटेल ने कामदगिरि मंदिर से ब्रह्मकुंड तक डेढ़ किलोमीटर खींचा। सभी दानवीर ग्लब्स के साथ मास्क भी लगाए रहे लेकिन किशोर को मास्क तक नहीं पहनाया गया।