जनपद बहराइच के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध तरीके से बनाई जा रही जहरीली शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्यवाही की है।
मोतीपुर इलाके में छापेमारी कर आबकारी विभाग ने कई शराब भट्ठियों को नष्ट कर सैकड़ों लीटर शराब बरामद किया है।
यही नहीं मौके से हजारों लीटर शराब बनाने का लहन और उपकरण भी बरामद हुआ है। आबकारी विभाग द्वारा की गई इस बड़ी कार्यवाही की वजह से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लावण्या ने बताया कि मोतीपुर इलाके में नदी के कछार में तमाम शराब की भट्ठियां संचालित की जा रही थी और बड़े पैमाने पर जहरीली शराब बनाई जा रही थी।
छापेमारी के दौरान इन जगहों से 10 हज़ार लीटर लहन बरामद किया गया साथ ही यूरिया और नौसादर सहित 15 कुंतल गुड़ भी बरामद किया गया है जो जहरीला शराब बनाने के उपयोग में लाया जाता था।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि इस पूरे मामले में दो शराब माफियाओं की सरगर्मी से तलाश की जा रही है जो टीम के पहुँचते ही नदी में कूदकर फरार हो गए थे।