बदायूं : अचानक लगी आग की चपेट में आकर आधा दर्जन घरों में रखा अनाज, कपड़ा, घरेलू सामान जल कर राख हो गया। अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर आग से हुई क्षति का आंकलन किया है।
हादसा गुरुवार दोपहर करीब दो बजे तहसील क्षेत्र के गांव टोंटपुर करसरी के मजरा चौकीदार की मढैया में हुआ। बताया जा रहा है कि गांव निवासी राजपाल के घर में मोबाइल की बैटरी चार्ज हो रही थी। अचानक बैटरी में आग लग गई और उससे उठी चिगारी से छप्पर ने आग पकड़ ली।
जब तक ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए तब तक हवा के चलते आग ने तेजी पकडते हुए राजेश्वर, मुकुंदी, सोरन, कुंवरपाल और कैलाशो के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड भी गांव पहुंची लेकिन तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था।