बदायूं: लॉकडाउन के चलते दूसरे प्रदेशों से लोगों के लौटने का सिलसिला जारी है। इसको देखते हुए यहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। नए वार्ड की जरूरत के लिहाज से जरूरत के सामान की सूची शासन को भेजी गई थी। इस पर शासन ने 170 ऑक्सीजन सिलिंडर व कुछ अन्य मेडिकल कॉलेज को भेजने का आदेश जारी किया है।
कोरोना की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन है। काम बंद होने की वजह से दूसरे प्रदेशों से कामगार अपने घर को लौट रहे हैं। बाहर से लौटने वालों को संबंधित जिले में क्वारंटीन किया जाता है। इसी के तहत प्रदेश सरकार के निर्देश पर राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पहले 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया था। मगर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही थी, जिसके बाद मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया।