बदायूं : शहर में हॉट स्पॉट एरिया के अंदर बैंक खुली देख सिटी मजिस्ट्रेट का पारा चढ़ गया। उन्होंने बैंक मैनेजर को मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी देते हुए काफी देर तक फटकार लगाई। इसके बाद बैंक को बंद कराया गया। छह सड़का चौकी इंचार्ज को भी बैंक खुलने का जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें भी फटकार लगाई गई। सुबह से लेकर दोपहर तक हॉट स्पॉट एरिया में बेवजह घूमने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। शाम तक हॉट स्पॉट एरिया में घूमने वालों की धरपकड़ जारी रही। गुरुवार को सुबह करीब सात बजे से सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार, सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी शहर में लॉकडाउन की स्थिति देखने निकले। सबसे पहले उन्होंने लावेला चौक पर स्थिति देखी तो वहां कुछ लोग बेवजह घूम रहे थे।
ऐसे लोगों को फटकारकर भगाया गया। कुछ वाहन चालक वहां घूमते दिखाई दिए तो उनके वाहनों का चालान काटकर जुर्माना वसूला गया। इसके बाद दोनों वरिष्ठ अधिकारी जालंधरी सराय पहुंचे जहां पर होम डिलीवरी करने वाले लोगों से बातचीत की गई। वहां के बाशिदों से पूछा गया कि कोई दुकानदार ओवररेट सामान नहीं तो नहीं दे रहा है।