पटना में मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग सेंटर पर हुए कथित हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटर पर ईंट-पत्थर से हमला और तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी, जिसमें सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया है। इस मामले में कन्हैया सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें चार नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
शुरुआत में खान सर ने आरोप लगाया था कि कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की गई थी और उन्होंने कई राउंड गोलियां चलने की बात भी कही थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में कहा कि माहौल तनावपूर्ण था, जिससे स्थिति स्पष्ट रूप से समझ नहीं आई। वहीं पटना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर फायरिंग की घटना से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में गोली चलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग गार्ड के साथ मारपीट करते और कोचिंग सेंटर पर हमला करते नजर आए हैं। घटना के दौरान होर्डिंग और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
टाउन डीएसपी 1 राजेश रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों को देखते हुए खान सर ने अगले दिन अपनी कोचिंग की कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।