विकास दुबे के फरार भाई के मकान की कुर्की
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिकरू कांड के मुख्य आरोपी रहे दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश के मकान की कृष्णा नगर पुलिस ने शुक्रवार को कुर्की की। दीप प्रकाश पर 50 हजार का इनाम घोषित है। आरोपित बिकरु कांड के बाद से फरार है।
कृष्णानगर कोतवाली में दीप प्रकाश पर दो मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर कृष्णानगर महेश दुबे के मुताबिक आरोपित की लंबे समय से तलाश की जा रही है। हालांकि वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है, जिसके बाद कोर्ट से अनुमति लेकर उसकी संपत्ति कुर्क की जा रही है।
पुलिस ने कुछ दिन पहले आरोपित के मकान पर 82 की नोटिस चस्पा की थी। इसके बावजूद भी दीप प्रकाश हाजिर नहीं हुआ, जिसके बाद शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई। आरोपित के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर कार हड़पने की एक एफआइआर दर्ज थी।
एसआइटी ने जांच रिपोर्ट में दीप प्रकाश पर जालसाजी समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज करने की संस्तुति की थी, जिसके बाद 24 नवंबर को उसके खिलाफ एक और मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
मारा गया था विकास दुबे : इस घटना का मुख्य अभियुक्त विकास दुबे 10 जुलाई 2020 को उज्जैन से कानपुर लाए जाने के दौरान एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया था।