नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित SEMICON India 2026 में मध्यप्रदेश ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को लेकर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश पवेलियन का दौरा किया और कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उद्योग विस्तार एवं तकनीकी सहयोग पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Paras Semiconductors, Thomson Semiconductors, Sprintronics AI, NXP India, Marvell Semiconductor, L&T Semiconductors और SwadesIC Semiconductors के प्रतिनिधियों से संवाद किया। बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी साझेदारी और सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान International Semiconductor Industry Group यानी ISIG के प्रतिनिधिमंडल से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में जापान, दक्षिण कोरिया और अमेरिका की सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। जापान की Accretech, Canon, Kaijo, Oxide Corporation, Scale Photonics और IMPUTE Inc. के अलावा दक्षिण कोरिया की Hanwha और Genesem Inc. तथा अमेरिका की MacDermid Alpha के प्रतिनिधियों से भी उद्योग एवं तकनीकी सहयोग को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने चिप डिजाइनिंग और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में काम कर रही Kishkindha International, Digicomm, Signitude, Stemrobo Technologies, Truechip Solutions, Banashree Semiconductors, VLSI Expert और Numizo Semiconductors के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान निवेश के साथ तकनीकी सहयोग, चिप डिजाइनिंग और उद्योग के विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
SEMICON India 2026 के मंच पर हुई इन बैठकों के जरिए मध्यप्रदेश ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में संभावित निवेश एवं औद्योगिक सहयोग के अवसरों को सामने रखा। राज्य में इस क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के विस्तार और नई तकनीकी साझेदारियों को लेकर चर्चा हुई।