1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बैतूल में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, वेतन और प्रोत्साहन राशि सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बैतूल में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, वेतन और प्रोत्साहन राशि सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बैतूल में आशा, ऊषा और आशा पर्यवेक्षक संयुक्त मोर्चा ने वेतन, प्रोत्साहन राशि और लंबित भुगतान सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। धरना और रैली के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने समय पर भुगतान, वेतन वृद्धि और नियमित सेवा सुविधाओं की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

By: Nivedita 
Updated:
बैतूल में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, वेतन और प्रोत्साहन राशि सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में वेतन, प्रोत्साहन राशि और लंबित भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को आशा, ऊषा और आशा पर्यवेक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों ने प्रदर्शन किया। जिला उद्योग केंद्र के सामने धरना देने के बाद रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और मुख्यमंत्री तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन संचालक के नाम कलेक्टर को 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

समय पर भुगतान नहीं मिलने से बढ़ रही आर्थिक परेशानी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण अभियान, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों और शासन की विभिन्न योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन और प्रोत्साहन राशि नहीं मिल रही है। कई महीनों तक भुगतान लंबित रहने और राशि में कटौती के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि और नियमित भुगतान शामिल

संयुक्त मोर्चा ने मांग की कि वर्ष 2023 में घोषित वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ एरियर सहित दिया जाए। इसके अलावा नियमित एवं पारदर्शी भुगतान व्यवस्था लागू करने, आशा कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों के लिए सम्मानजनक मासिक वेतन तय करने, अतिरिक्त कार्य के लिए अलग से भुगतान करने तथा रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने की मांग भी उठाई गई।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

आशा, ऊषा और आशा पर्यवेक्षक संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी 18 सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

 

रिपोर्ट – कमलाकर तायवाड़े

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...