भारत और चीन के बीच अब तनाव उच्च स्तर पर जा पहुंचा है। आपको बता दे कि दोनों सेनाएं अब एकदम एक दूसरे के सामने है। भारत ने लद्दाख में पैंगोंग इलाके में नॉर्थ फिंगर 4 को फिर अपने कब्जे में ले लिया है, दरअसल जून महीने के बाद पहली बार भारतीय सेना के कब्जे में ये इलाका पूरी तरह से आ गया है।
इस बीच सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे आज लद्दाख पहुंचे हैं जहां उन्होंने दक्षिण पैंगोंग और अन्य जगहों पर हालात का जायजा लिया। आपको बता दे कि नरवणे ने परिचालन मुद्दों और जमीनी हालात का जायजा लिया। वहीं बॉर्डर पर जारी तनाव के बीच चीन और भारत के बीच बैठकों का दौर भी जारी है।
दरअसल 29-30 अगस्त को चीन ने लद्दाख के पैंगोंग लेक इलाके में घुसपैठ की कोशिश की थी, जिसे भारतीय जवानों ने नाकाम कर दिया।
भारतीय सेना को 29 अगस्त की रात एलएसी की तरफ पैंगोंग लेक के दक्षिणी किनारे पर कुछ संदिग्ध गतिविधियों का पता चला और यह चीनी सैनिकों का काफिला था, जिसमें कई जीप और एसयूवी शामिल थे।
इसके बाद इस इलाके में पहले से तैनात भारतीय सेना के जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और तेजी से पहाड़ी पर चढ़कर अपना मोर्चा संभाल लिया था। अब यह हिस्सा भारत की पकड़ में है और भारत अब मजबूत स्थिति में है।