रिपोर्ट: सत्यम दुबे
आगरा: प्यार की नगरी आगरा से कथित लव जिहाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आपके भी होश उड़ जायेंगे। एक युवक ने एक महिला से आदित्य बनकर दोस्ती बढ़ाई। इसके बाद महिला को विश्वास में लेकर उससे विवाह भी कर लिया। इसी बीच महिला को असलियत का पता चल गया, कि जिस आदित्य से उसने शादी की है, वह असल में आरिफ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें आरोप है कि लखनऊ में एक रिटायर्ड IPS अधिकारी की बेटी अब लव जिहाद का ‘शिकार’ बन गई है। आगरा पुलिस ने सोमवार को बताया कि लखनऊ के एक लकड़ी व्यवसायी आरिफ हाशमी ने एक समारोह में खुद को आदित्य बताकर पीड़ित महिला के साथ मुलाकात की थी। पुलिस ने आगे बताया कि, उसने जल्द ही महिला से दोस्ती कर ली और जब उनका रिश्ता आगे बढ़ा तो दोनों ने 2010 में शादी कर ली। महिला विधवा थी और उसे ‘आदित्य’ के इरादों पर शक नहीं था।
पीड़ित महिला का आरोप है कि युवक का नाम आरिफ है और उसने आदित्य बनकर उसे शिकार बनाया। वह लगातार महिला को धर्म परिवर्तन करने के लिए धमकी देता रहा। पीड़िता की मुलाकात आरिफ के साथ लखनऊ के एक कार्यक्रम मे हुई थी। आरोपी लखनऊ के ऐशबाग इलाके का टिम्बर कारोबारी है।
पीड़ित महिला के पिता एक रिटायर्ड IPS अधिकारी होने के साथ ही मौजूदा वक्त में भारतीय जनता पार्टी से राज्य सभा सांसद हैं। साल 2015 में उन्होने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की थी। वहीं यूपी में योगी सरकार बनने के बाद साल 2018 में राज्य के अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही उनको 4 बार राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। जबकि पीड़ित महिला की बात करें तो वह आगरा में एक होटल चलाती है।
आरोपी की कुछ ऐसी तस्वीरें पुलिस को हाथ लगी हैं, जिसमें वह समाजवादी पार्टी और आम आदमीं पार्टी के नेताओं के साथ नजर आ रहा है। सूत्रों की मानें तो आरोपी आरिफ का इतिहास काफी खराब रहा है। पुलिस ने बताया है कि शादी के कुछ साल बाद महिला को पुरुष की असली पहचान के बारे में पता चला और फिर उसने उसे इस्लाम में बदलने के लिए उसे मजबूर करना शुरू कर दिया। उसने इनकार किया तो वह प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने लगा। वह महिला के पहले पति के होटल का इस्तेमाल उसके साथ मारपीट करने के लिए करता था। इसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, हत्या का प्रयास, दुष्कर्म, अप्राकृतिक कृत्य, लूटपाट, धोखाधड़ी और अवैध धर्मांतरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया।
आगरा के SP शहर बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि , ‘हमने आईपीसी की संबंधित धाराओं और धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।’ पुलिस को उसकी तस्वीरें भी मिली हैं जिसमें वह समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी (AAP) के कई बड़े नेताओं के साथ नजर आ रहा है।