1. हिन्दी समाचार
  2. बॉलीवुड
  3. अनुपम खेर का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- इमेज बनाने से ज्यादा जरूरी है लोगों की जान बचाना

अनुपम खेर का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- इमेज बनाने से ज्यादा जरूरी है लोगों की जान बचाना

By: Amit ranjan 
Updated:
अनुपम खेर का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- इमेज बनाने से ज्यादा जरूरी है लोगों की जान बचाना

मुंबई : अक्सर अपने ट्वीट या सोशल मीडिया के जरिये पीएम मोदी की प्रशंसा करने वाले बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर इन दिनों सरकार से नाराज चल रहे है। और उन्होंने मौजूदा कोविड संकट को लेकर सरकार की आलोचना की है। एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए खेर ने कहा कि सरकार कोविड के संकट में “फिसल” गई और सरकार को ज़िम्मेदार ठहराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार कहीं न कहीं नाकाम हुई है और उन्हें इस वक्त यह समझना चाहिए कि इमेज बनाने से ज्यादा लोगों की जान जरूरी है।

खेर से जब सरकार के छवि बनाने के प्रयास और अस्पतालों में जरूरी दवाओं की कमी और नदियों में बहते शवों को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि ज्यादातर मामलों में आलोचना वैलिड है और सरकार के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह इस अवसर पर ऐसा काम करे जिसके लिए उसे देश के लोगों ने चुना है। मुझे लगता है कि केवल एक संवेदनहीन व्यक्ति ही ऐसी स्थिति से प्रभावित नहीं होगा.. नदियों में बहते हुए शव, लेकिन दूसरे राजनीतिक दल द्वारा अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल करना भी सही नहीं है।”

खेर ने कहा कि “हमें नागरिक के रूप में गुस्सा करना चाहिए और जो कुछ हुआ है उसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराना महत्वपूर्ण है।” आपको बता दें कि अनुपम खेर को एक मौजूदा वर्तमान सरकार के स्ट्रॉन्ग डिफेंडर के रूप में देखा जाता है, लेकिन जिस तरह उन्होंने सरकार की आलोचना की है, वो काफी लोगों को शॉक्ड कर सकता है।

पत्नी है बीजेपी सांसद

आपको बता दें कि अनुपम खेर की पत्नी किरण खेर भाजपा से सांसद हैं। लगभग दो हफ्ते पहले खेर ने कोविड कंट्रोल पर सरकार की आलोचना के जवाब के लिए एक ट्वीट पर कमेंट किया था “आएगा तो मोदी ही”। इसके बाद उनको सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया था।

लोगों की मदद के लिए कर रहे प्रयास

बता दें कि अनुपम खेर उन हस्तियों में शामिल हैं जो कोरोना के इस संकट के समय में लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहे है। वे “हील इंडिया” पहल के जरिए लोगों को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स के लिए मदद कर रहे हैं। गौरतलब है कि भारत में पिछले करीब तीन हफ्ते से रोजाना तीन लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमण के नए मामले आ रहे हैं, वहीं पिछले कुछ दिनों में मौत के मामले भी लगातार बढ़ रहे है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...